जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रेलवे स्टेशन के समीप स्टेशन रोड पर संचालित दुकानों को हटाने की कार्रवाई से पहले प्रभावित व्यापारियों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग को लेकर व्यापारियों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। व्यापारियों ने कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानें हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

नगर व्यापार मंडल के नेतृत्व में स्टेशन रोड के दुकानदारों ने धरना स्थल पर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। व्यापारियों ने कहा कि वे कई वर्षों से स्टेशन रोड पर दुकानें संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। अब अचानक दुकानें खाली करने के नोटिस मिलने से उनके सामने कारोबार बंद होने की स्थिति पैदा हो गई है। व्यापारियों ने मांग की कि दुकानों को हटाने से पहले उन्हें नगर निगम क्षेत्र में ही किसी उपयुक्त स्थान पर वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो। उनका कहना है कि वर्षों से कारोबार कर रहे दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए। नगर व्यापार मंडल के सचिव नवीन गोयल ने कहा कि जब तक प्रभावित व्यापारियों को अन्यत्र विस्थापित करने की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में विवेक अग्रवाल, सुशील चौधरी, भूपेश चंद्र, विनोद सिंह, सुनील कुमार, अनिल कुमार, हरीश भाटिया, सुरेश भाटिया, शिव कुमार और प्रीतम लाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।