जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। दल के संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि गुलदार, भालू समेत अन्य हिंसक वन्यजीव लगातार आबादी में घुसकर लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे कई ग्रामीणों की जान जा चुकी है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि आदमखोर और हिंसक वन्यजीवों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों या पार्कों में रखा जाए, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जाए तथा वन्यजीवों के हमले में मारे गए मवेशियों का मुआवजा 15 दिन के भीतर दिया जाए। इसके अलावा सूअर और बंदरों से फसल नुकसान की भरपाई, गांवों और स्कूलों के आसपास लैंटाना उन्मूलन अभियान तथा पर्वतीय किसानों को ग्रीन बोनस देने की भी मांग की गई है।