बाल श्रम के खिलाफ अभियान, दो नाबालिग रेस्क्यू

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत जिला टास्क फोर्स समिति ने बुधवार को शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों में दो नाबालिग काम करते मिले, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक, बस स्टेशन और तीलू रौतेली चौक क्षेत्र में चले अभियान के दौरान एक प्रतिष्ठान में 14 वर्ष से कम आयु का बालक कार्यरत मिला। टीम ने उसे तत्काल रेस्क्यू कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके मामा के सुपुर्द किया। परिजनों से बच्चे का स्कूल में प्रवेश कराने को भी कहा गया। वहीं, बद्रीनाथ मार्ग के ही एक अन्य प्रतिष्ठान में करीब 17 वर्षीय किशोर कार्य करता मिला, जिसके मामले में भी बाल एवं किशोर श्रम कानून के तहत कार्रवाई की गई। टास्क फोर्स समिति ने लोगों से बाल श्रम की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। अभियान में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्रा बिडालिया, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मोहन बेलवाल, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *