जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : काशीरामपुर तल्ला और गाड़ीघाट क्षेत्र में सरकारी व रेलवे भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मंगलवार रात अभियान चलाकर अवैध रूप से बनाई गई झोपड़ियों को हटाया गया और कब्जाधारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
प्रशासन के अनुसार लंबे समय से कुछ लोग राजस्व और रेलवे की भूमि पर झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवा दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि अभियान के दौरान कई बाहरी राज्यों के लोग अवैध रूप से रहते मिले, जिनके पास पहचान या निवास संबंधी दस्तावेज नहीं थे। ऐसे लोगों को क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सत्यापन अभियान भी तेज किया गया है, जिसके लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है।