जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के गोविंदनगर स्थित एक दुग्ध डेरी में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए दुकान के बाहर खड़ी बीएमडब्ल्यू कार और ऊपर बने कमरों तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने दमकल के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया।
दमकल विभाग के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हादसे में डेरी में रखा फ्रीज, अन्य विद्युत उपकरण और सामान पूरी तरह जल गया, जबकि बीएमडब्ल्यू कार के इंजन सहित कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। आग की लपटों से दो मंजिला भवन के कमरों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ। दुकान स्वामी गोपाल उर्फ राजू ने बताया कि हादसे में करीब 15 से 16 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।