देहरादून, राजधानी देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की आयुष्मान विंग के पीडियाट्रिक (बच्चों) वार्ड में बुधवार रात करीब 10:30 बजे अचानक एग्जास्ट फैन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरे वार्ड में धुआं भर गया, जिससे भर्ती बच्चों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया और वार्ड में भर्ती 24 मासूम बच्चों को सुरक्षित दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले वार्ड में लगे एग्जास्ट फैन से धुआं निकलना शुरू हुआ। देखते ही देखते फैन से आग की लपटें उठने लगीं और धुआं पूरे वार्ड में फैल गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बच्चों के तीमारदार घबरा गए और वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नर्सिंग स्टाफ बना फरिश्ता, मिनटों में खाली कराया वार्ड
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग अधिकारी साक्षी और हिमानी ने तत्काल मोर्चा संभाला। वहीं वार्ड ब्वॉय सत्येंद्र ने बिना समय गंवाए सुरक्षा कर्मियों और अन्य स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने समन्वय के साथ एक-एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
कुछ ही मिनटों में सभी 24 बच्चों को अस्पताल के निचले तल पर स्थित डेंगू वार्ड में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया गया, जहां चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में उनका उपचार जारी रखा गया।