बारिश से अलग-अलग क्षेत्रों में दो स्कूलों की सुरक्षा दीवारें टूटी

Spread the love

नई टिहरी। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में अतिवृष्टि से पांच स्थानों पर नुकसान हुआ है। घनसाली के म्यूग्डी और नरेंद्रनगर के आमपाटा में दो आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए। जाखणीधार के मठयाली में दो घरों के आंगन को नुकसान पहुंचा जबकि कीर्तिनगर ब्लॉक के पठवाड़ा में प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार और नैनबाग क्षेत्र के ऐंदी में प्राथमिक विद्यालय की सुरक्षा दीवार व मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा मलबा और बोल्डर गिरने से 11 मोटर मार्गों पर यातायात बाधित है। घनसाली तहसील के म्यूग्डी गांव में अतिवृष्टि से चैत सिंह का आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया। नरेंद्रनगर के आमपाटा गांव निवासी फुलदेई पत्नी प्रेम सिंह के आवासीय भवन की छत और सीलिंग को नुकसान पहुंचा है। जाखणीधार तहसील के नंदगांव के मठयाली गांव निवासी कृष्णदत्त नौटियाल और भगतलाल के आवासीय भवनों के आंगन क्षतिग्रस्त हुए हैं। कीर्तिनगर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पठवाड़ा का आंगन की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं नैनबाग तहसील के बसाणगांव के ऐंदी गांव में प्राथमिक विद्यालय सेंद्री की सुरक्षा दीवार और मुख्य मार्ग को नुकसान पहुंचा है। अतिवृष्टि से जौनपुर विकासखंड की ऐंदी नहर बागवाना नामे तोक में और भिलंगना ब्लॉक की मुंडी नहर भगडेरा नामे तोक में क्षतिग्रस्त हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *