जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एमकेवीएन एजुकेशन ग्रुप की कण्वघाटी, देवी रोड और दुर्गापुरी शाखाओं में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण, सुदामा और गोपियों के आकर्षक परिधानों में विद्यालय पहुंचे।

कण्वघाटी शाखा में श्रीकृष्ण जन्म की झांकी, सुदामा-कृष्ण मिलन, दही हांडी और भजन-नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। बेस्ट राधा-कृष्ण प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। देवी रोड शाखा में बांसुरी सजाओ और मटका डेकोरेशन प्रतियोगिता ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। दुर्गापुरी शाखा में विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण जन्म एवं जीवन प्रसंगों पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय प्रबंधक प्रकाश चंद्र कोठारी और कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम में शिक्षा निदेशिका सिंधु कोठारी, एडमिन डायरेक्टर विपिन जदली, प्रधानाचार्य सुनीता नैथानी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं,
नवयुग पब्लिक स्कूल में भी जन्माष्टमी उत्साहपूर्वक मनाई गई। छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चे कृष्ण, राधा, सुदामा समेत विभिन्न पात्रों की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। यहां आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रधानाचार्या नीलम नेगी और प्रशासक अर्पिता नेगी सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।