नालियां जाम, लोग परेशान, बीमारियां फैलने का बढ़ा खतरा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : नगर पंचायत सतपुली क्षेत्र में नालियों में जमा गंदगी और ठहरे गंदे पानी ने स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। लंबे समय से नालियों की उचित सफाई न होने के कारण हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। जगह-जगह नालियां कचरे और गाद से भरी हुई हैं। इससे लोगों को बीमारियां फैलने का डर सताने लगा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
समाजसेवी कृपाल सिंह पंवार ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत सतपुली को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि नगर क्षेत्र के कई वार्डों में नालियां लंबे समय से जाम पड़ी हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होने के साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालियों की तत्काल सफाई कराने, कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। उन्होंने नगर पंचायत से जनहित को देखते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *