हल्द्वानी। मंगलवार को उफान पर बह रहे फतेहपुर रेंज में भाखड़ा नाला पार करते वक्त बाइक में सवार दो लोग नाले के पानी के तेज बहाव में बह गए। लगभग तीस मीटर तक बहने के बाद किसी तरह दोनों ने नाले से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से हट लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक दोनों लोग वहां से जा चुके थे। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दो ग्रामीण बाइक से कालाढूंगी की तरफ जा रहे थे। फतेहपुर के पास ही भाखड़ा नाले में पानी उफान पर था। इसके बावजूद बाइक सवारों ने तेज रफ्तार बाइक से नाला पार करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही बाइक नाले के मध्य पहुंची तो वह असंतुलित होकर नाले में जा गिरी और उसमें सवार दोनों लोग पानी के तेज बहाव में बह गए। दोनों ने संभलने का प्रयास किया लेकिन वह पानी के तेज बहाव में खुद का संतुलन नहीं बना सके। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग तीस मीटर पानी में बहने के बाद दोनों नाले में उस स्थान पर जा पहुंचे जहां पानी का बहाव कम था।