निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर ध्यान देना जरूरी : नेगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटिया निर्माण के कारण जनता के धन की बर्बादी हो रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्षेत्र के स्थलीय भ्रमण के दौरान पूर्व मंत्री नेगी ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान काशीरामपुर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि सीवर लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान सुरक्षा दीवार की नींव भी खोद दी गई, जिससे दीवार ढह गई। उन्होंने बताया कि दीवार गिरने से सड़क पर पत्थर और मलबा आ गया, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। पूर्व मंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो काशीरामपुर तल्ला के लोगों को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने विभाग से सुरक्षा दीवार का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने, क्षतिग्रस्त स्थल को सुरक्षित बनाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान पार्षद सूरज प्रसाद कांति और क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *