बहुउद्देशीय शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 36 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ समाधान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत कविल्ठा में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल तथा सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 36 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से समाधान करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक शासन की सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकार और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल रहा है। सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। कहा कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का माध्यम बन रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने आसपास के पात्र लोगों को भी इन योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य कालीमठ वार्ड सरोज राणा, जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण वार्ड अमित मेखंडी, ग्राम प्रधान कविल्ठा कुलदीप सिंह रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष त्रिलोक सिंह रावत, ग्राम प्रधान कुणजैठी अनिल शाह, तहसीलदार ऊखीमठ निशांत कांबोज, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसोला, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह पाल, जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली, कार्यक्रम के संचालक किशन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *