जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुरुवार रात बिजनौर वन प्रभाग के जंगल से निकलकर एक हाथी बीईएल-रतनपुर मार्ग पर पहुंच गया। करीब एक घंटे तक हाथी सड़क और आसपास की गलियों में चहलकदमी करता रहा। इसके कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथी के जंगल लौटने के बाद ही यातायात सुचारु हो सका।

बीईएल-रतनपुर क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा जंगल से सटा हुआ है। इसके चलते यहां आए दिन जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। गुरुवार रात एक हाथी बीईएल रोड पर पहुंचा। करीब एक घंटे तक हाथी मार्ग पर घूमता रहा। इस दौरान वह आसपास की गलियों में भी पहुंचा और कई घरों के आंगन के बाहर चहलकदमी करता दिखाई दिया। हाथी को देखकर लोगों में दहशत का माहौल रहा। कई लोगों ने हाथी की चहलकदमी को मोबाइल कैमरों में कैद किया। हाथी के सड़क पर आने से बीईएल-मोटाढांक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और दोनों ओर जाम लग गया। हाथी के जंगल की ओर लौटने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो पाई। जंगल से सटे मार्गों पर झाड़ियां बढ़ने के कारण जंगली जानवरों की आवाजाही का खतरा बना हुआ है।