रक्षाबंधन के बीच भाजपा महिला नेत्री की पोस्ट पर काउंटर को लेकर उठे सवाल

Spread the love

विकासनगर। रक्षाबंधन के कार्यक्रमों के बीच भाजपा की महिला नेत्री रचिता ठाकुर ने सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट को नाम लेकर काउंटर किए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि एक महिला जो निस्वार्थ भाव से अपने क्षेत्र और पार्टी के लिए काम कर रही है, उसकी पोस्ट पर इस तरह सार्वजनिक रूप से जवाब देना संबंधित लोगों की मानसिकता को दर्शाता है।
रचिता ठाकुर ने अपने वीडियो बयान में कहा कि उन्होंने सुबह सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए एक पोस्ट डाली थी। इसके बाद उनकी पोस्ट को नाम लेकर काउंटर किया गया। उन्होंने कहा कि वह किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत हमला नहीं करतीं, लेकिन जब वह अपने मन की बात लिखती हैं तो उनकी पोस्ट पर जवाब देकर उन्हें ही निशाना बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि सवाल सिर्फ उनका नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं का है जो अपने दम पर राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि विकासनगर क्षेत्र की महिलाओं और पार्टी में मेहनत करने वाली महिला कार्यकर्ताओं को आखिर किस नजर से देखा जा रहा है, यह सोचने की जरूरत है।
रचिता ठाकुर ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे पर्व पर एक तरफ मातृशक्ति के सम्मान की बातें और कार्यक्रम किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ एक महिला की सार्वजनिक पोस्ट को नाम लेकर काउंटर किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनकी सुबह की पोस्ट और उसके जवाब को स्वयं देखें और तय करें कि इस पूरे मामले में महिलाओं के प्रति कैसी मानसिकता दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार, समाज और अपने दम पर कार्य कर रही हैं तथा उन्हें किसी के रहमोकरम की आवश्यकता नहीं है। पार्टी की कार्यकर्ता होने के नाते वह लगातार संगठन के कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों में सक्रिय रहती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं निश्चित रूप से महिला कार्यकर्ताओं को आहत करती हैं।
रचिता ठाकुर ने कहा कि वह किसी से विवाद नहीं चाहतीं, लेकिन अपने मान-सम्मान के साथ समझौता भी नहीं करेंगी। उन्होंने समाज और पार्टी के लोगों से पूरे मामले को देखकर स्वयं निर्णय लेने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *