श्रीनगर गढ़वाल : रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 की ओर से रुड़की में आयोजित सत्र 2025-26 के जिला सम्मान समारोह में रोटरी क्लब अलकनंदा वैली श्रीनगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में कई सम्मान प्राप्त किए। क्लब अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार बिजलवाण को उत्कृष्ट नेतृत्व, समर्पण एवं क्लब के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्टार प्रेसिडेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं क्लब सचिव रोटेरियन नवल किशोर जोशी को सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए बेस्ट सेक्रेटरी ऑफ द जोन (क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ सचिव) सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं रोटरी फाउंडेशन क्षेत्रीय समन्वयक एसपी काला को आउटस्टैंडिंग रोटेरियन अवॉर्ड मिला। स्व. विमला जुगरान स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता एवं स्व. नंददीप मल फुटबाल प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित रायला गतिविधियों को भी जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रमों में शामिल किया गया। (एजेंसी)