लेक टाउन में 6 करोड़ के सोने संग महाराष्ट्र व ओडिशा के दो युवक गिरफ्तार

Spread the love

कोलकाता, महानगर कोलकाता के लेक टाउन थाना पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़े अवैध वित्तीय नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। आज सुबह बी ब्लॉक इलाके में गश्त के दौरान पुलिस ने एक जैसी वेशभूषा में संदिग्ध रूप से घूम रहे दो युवकों को रोककर हिरासत में लिया। जब उनकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। उनके पास से कुल 1 किलोग्राम वजन के 4 सोने के बिस्कुट और पुराने 1 व 2 रुपये के दुर्लभ नोट बरामद किए गए।
जब्त किए गए सोने का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 6 करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज सुबह लेक टाउन थाने की गश्ती टीम बी ब्लॉक इलाके में पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर एक ही रंग के रेनकोट और हेलमेट पहनकर संदिग्ध गतिविधियों के साथ इलाके में चक्कर काटते दिखे। संदेह होने पर दबोचे गए युवकों से जब मौके पर ही पूछताछ की गई और उनके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से उच्च शुद्धता वाले सोने के बिस्कुट बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा निवासी भागीरथ जाना और महाराष्ट्र निवासी अजीत महिता के रूप में हुई है। सुबह बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त राठौड़ अमित कुमार भरत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी सफलता की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार गिरफ्तार दोनों व्यक्ति अंतरराज्यीय अवैध हवाला कारोबार और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के सदस्य हो सकते हैं। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह सोना कहां से लाया गया था और कोलकाता में इसे किसको सौंपा जाना था। इसके साथ ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों और वित्तीय कड़ियों को खंगालने की कार्रवाई तेज़ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *