जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम व सड़क सुरक्षा के तहत परिवहन विभाग की ओर से अभियान चला गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अमित कुमार के नेतृत्व में कोटद्वार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान वाहन से बाहर सामान लादकर ले जाने वाले ओवर साइज-ओवरलोड वाहनों व डाला खुला रखकर सामान का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 13 वाहनों के चालान किए गए। कार्रवाई से विभाग को एक लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, शराब का सेवन कर वाहन चलाने के मामले में तीन वाहनों को निरुद्ध (सीज) कर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, कोटद्वार में खड़ा कराया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) अमित कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा शराब का सेवन कर वाहन न चलाने की अपील की है। विभाग का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।