सेना और ग्रामीणों ने चलाया हरियाली का अभियान

Spread the love

धौलीधार व मार्गांव में 600 पौधे रोपे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : असवालस्यूं पट्टी के ग्राम धौलीधार व मार्गांव में सेना और स्थानीय ग्रामीणों ने हरियाली का अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर विभिन्न प्रजातियों के करीब 600 पौधों का रोपण किया गया।
पर्यावरण प्रेमी व सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. गिरीश चंद्र बडोला की पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में गढ़वाल रायफल्स रेजिमेंटल सेंटर की यूनिट 127, टीए बटालियन के जवानों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान आम, अमरूद, अनार, जामुन, आंवला, नीम के साथ ही शहतूत, भेमल, श्रेयस, गुलमोहर जैसी प्रजातियों के लगभग 600 पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए असाधारण कार्य करने की उत्तराखंड की परंपरा रही है। पहाड़ में हरेला जैसे पर्व मनाए जाते हैं, जो प्रकृति के साथ मानव के गहरे संबंध को परिलक्षित करते हैं। औपचारिक रूप से भले ही हरेला 16 जुलाई को मनाया जाता हो, लेकिन पूरे मानसून सीजन में हर दिन हरेला है। इसलिए ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण किए जाने चाहिए। कार्यक्रम में ईकोे बटालियन की ओर से आश्वासन दिया गया कि अगले वर्ष इस क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *