देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रायपुर, डालनवाला और डोईवाला थाना क्षेत्रों में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में 34.75 ग्राम अवैध स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये से अधिक है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों के नशे के कारोबार में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
रायपुर में 15.52 ग्राम स्मैक बरामद
थाना रायपुर पुलिस ने 29 सितंबर को चेकिंग के दौरान गुरुद्वारा रोड के पास से मंगलु पुत्र पप्पूनाथ (24) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 15.52 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक हरिद्वार के एक स्थानीय व्यक्ति से कम कीमत में खरीदकर देहरादून में अधिक कीमत पर बेचने की फिराक में था। मामले में थाना रायपुर में मु0अ0सं0 401/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
डालनवाला निवासी आरोपी 9.43 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने शुभम चौहान उर्फ पिंकू पुत्र जोनेन्द्र सिंह (34) निवासी अम्बेडकर नगर, डीएल रोड, डालनवाला को 9.43 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
डोईवाला में महिला आरोपी गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई में डोईवाला पुलिस ने 28 सितंबर को केशवपुरी बस्ती के पास मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान किरन पत्नी मंगना (26) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई,
जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में मु0अ0सं0 292/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।