देहरादून, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने चकराता रोड, जीएमएस रोड और शिमला बाईपास रोड पर पहुंचकर सड़कों की स्थिति, निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति तथा हेल्पलाइन शिकायतों के धरातलीय निस्तारण की हकीकत जानी।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे बातचीत कर यह भी जाना कि विभाग द्वारा शिकायत के समाधान के संबंध में दी गई जानकारी वास्तव में मौके की स्थिति से मेल खाती है या नहीं।
पोर्टल पर शिकायत बंद करना पर्याप्त नहीं
डीएम ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर फोर्स क्लोज की गई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल पोर्टल पर शिकायत बंद कर देना शिकायत का निस्तारण नहीं माना जाएगा। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान धरातल पर होना जरूरी है।
शिमला बाईपास पर गड्ढे देखकर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान मेहूंवाला क्षेत्र में शिमला बाईपास रोड पर जगह-जगह गड्ढे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल गड्ढे भरकर सड़क को सुरक्षित और सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क की गुणवत्ता और आमजन के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
फोर्स क्लोज शिकायत की मौके पर हुई जांच
जिलाधिकारी ने शिमला बाईपास चौक से सेंट जूड्स स्कूल होते हुए कमला पैलेस तक मार्ग की खराब स्थिति से संबंधित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायत का भी निरीक्षण किया। यह शिकायत शिकायतकर्ता पूजा भटगाईं द्वारा दर्ज कराई गई थी। विभाग की ओर से शिकायत को शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर फोर्स क्लोज किया जाना दर्शाया गया था। मौके पर सड़क की स्थिति देखने के बाद डीएम ने शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता की और वास्तविक स्थिति जानी। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मार्ग पर सड़क रिस्टोरेशन का कार्य अगले दिन से शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न करने और निर्धारित समय में सड़क को ठीक करने के निर्देश दिए।