श्रीनगर गढ़वाल : अल्केश्वर घाट के समीप पीपलचौरी स्थित भारत गैस वितरण केंद्र पर गैस के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब आठ बजे से ही लोग खाली सिलिंडर लेकर लाइन में खड़े होकर वाहन आने का इंतजार करते रहे। इस दौरान हल्की बहस भी हुई। करीब 11 बजे गाड़ी पहुंची। वाहन में करीब 180 सिलिंडर थे, जबकि मौके पर 200 से अधिक लोग। ऐसे में कुछ लोगों को गैस सिलिंडर नहीं मिल पाए। भारत गैस एजेंसी के प्रोपराइटर देवेंद्र खंडेवाल ने बताया कि श्रीनगर, श्रीकोट, स्वीत और मेन बाजार क्षेत्र समेत करीब 2100 उपभोक्ताओं को एजेंसी से गैस आपूर्ति की जाती है। हर माह 14 और 28 तारीख को गैस वितरण किया जाता है, लेकिन बीच में सप्लाई बाधित रहने के कारण इस बार बैकलॉग बढ़ गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाई है उन्हें अगली सप्लाई पहुंचते ही दे दिए जाएंगे। (एजेंसी)