श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड देवप्रयाग की 13 ग्राम पंचायतों के 26 राजस्व गांवों में वर्षों से पेयजल संकट झेल रही करीब 13 हजार की आबादी को अब राहत मिलने की उम्मीद है। पेयजल निगम देवप्रयाग ने उमरेश्वर-माछर पंपिंग पेयजल योजना की डीपीआर तैयार कर ली है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 26 करोड़ रुपये है।
योजना के तहत पाली, महड़, किमखोला, आमणी, दुरोगी, कांडी गुसांई, कोटी, छाम समेत 13 ग्राम पंचायतों की 13,317 आबादी को लाभ मिलेगा। इस योजना के लिए जल स्रोत अलकनंदा नदी को चुना गया है। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी इस पंपिंग योजना में पाली-किमखोला से माछर होते हुए कांडी टॉप-2 तक करीब साढ़े 3 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जबकि पाली के पास फिल्टर प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव है। पेयजल निगम के अवर अभियंता शुभम ने बताया कि क्षेत्र के गांव पहले से पेयजल योजनाओं से जुड़े होने के बावजूद बढ़ती आबादी और अन्य कारणों से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी। नई योजना के निर्माण से इस समस्या का समाधान हो सकेगा। वहीं अधिशासी अभियंता डीआर बेलवाल ने बताया कि योजना की डीपीआर सर्किल से मुख्यालय भेजी जा चुकी है। कुछ आपत्तियां आई थीं उनका निराकरण किया जा रहा है। बजट स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। (एजेंसी)