जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंस्टीट्यूट आफ हास्पिटेलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) संस्थान में फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान गौरव को मिस्टर व सुनिधि को मिस फ्रेशर का खिताब दिया गया।

बलभद्रपुर स्थित कालेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंध निदेशक बीएस नेगी, कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी, निदेशक प्रबंधन ले. कर्नल (सेनि) बीएस गुसाईं और प्राचार्य डा. अश्वनी शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बीसीए, बीबीए, बीएचएम, एमसीए व एमबीए के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह का मुख्य आकर्षण रैंप पर आयोजित कैटवॉक प्रतियोगिता रही, इसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में असिस्टेंट प्रोफेसर सुरेंद्र जगवान, ममता, वीरेंद्र आर्य और सुप्रिया रतूड़ी शामिल रहे। निर्णायकों द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर बीबीए के छात्र गौरव खेतवाल को मिस्टर फ्रेशर, बीएचएम की छात्रा सुनिधि को मिस फ्रेशर, बीसीए के छात्र युवराज नेगी को मिस्टर हैंडसम और बीवीए की छात्रा शहरीन सैफी को मिस चार्मिंग का अवार्ड प्रदान किया गया। कालेज के प्रबंध निदेशक बीएस नेगी और कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी ने विजेताओं को शाल, क्राउन व उपहार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कालेज के जनसंपर्क अधिकारी नरेश थपलियाल, मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष सुरेंद्र जगवान, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष अनुराग सेमवाल, होटल मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष वेद प्रकाश राठौर, कार्यक्रम संयोजक सपना रौथाण नेगी, एडमिशन इंचार्ज विजय पंत आदि मौजूद रहे।