वन्यजीवों के बढ़ते हमलों से गुस्साए ग्रामीण, उक्रांद ने किया प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के हमलों और पानी के बढ़ते बिलों समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उक्रांद नेता मुकेश बिष्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रिखणीखाल बाजार में आक्रोश रैली निकाली और तहसील परिसर पहुंचकर समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।


प्रदर्शन के बाद तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। मुकेश बिष्ट ने कहा कि पहाड़ के गांवों में वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। गुलदार, बाघ और भालू के हमलों से लोगों में भय का माहौल है। वहीं, जंगली जानवरों द्वारा मवेशियों को मारने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रिखणीखाल क्षेत्र में वन्यजीवों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग और प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। साथ ही वन्यजीवों के हमलों में प्रभावित परिवारों को समय पर उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।

बढ़ते पानी के बिलों पर भी जताया रोष
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में पानी के बिलों में हो रही वृद्धि पर भी नाराजगी जताई। उक्रांद नेताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के प्राकृतिक जलस्रोत स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। ऐसे में ग्रामीणों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उक्रांद ने जल, जंगल और जमीन से जुड़े स्थानीय अधिकारों की रक्षा के साथ वन्यजीवों के हमलों पर रोक लगाने और पानी के बिलों की समस्या का समाधान करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन को तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *