वायनाड , केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के चलते एक बड़ा भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। रेस्क्यू टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अब तक 6 लोगों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया है और बाकी फंसे लोगों की तलाश जारी है।
टनल निर्माण क्षेत्र में मीनाक्षी पुल के पास गिरी पहाड़ी
यह हादसा वायनाड के मेप्पाडी स्थित कललाडी इलाके में मीनाक्षी पुल के पास हुआ है, जहां वायनाड टनल निर्माण का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि पुल के पास स्थित पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढहकर सीधे सड़क और पास बह रही नदी में आ गिरा। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वहां मौजूद मजदूर टनल निर्माण के कार्य में जुटे हुए थे।
मिट्टी का बड़ा टीला दरकने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 10 बजे घटी है। कललाडी इलाके में मीनाक्षी पुल के पास टनल की खुदाई के चलते वहां मिट्टी का एक बड़ा टीला बन गया था। लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से मिट्टी का यह टीला और उसके आसपास की पहाड़ी का हिस्सा अचानक दरक गया और तेजी से नीचे की ओर आ गिरा।
मजदूरों का कैंप और दो बसें मलबे की चपेट में
पहाड़ी के नीचे की ओर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों के रहने के लिए एक अस्थायी (टेम्प्रेरी) कैंप बनाया गया था। इसके साथ ही, दो बसों के जरिए स्थानीय मजदूरों को भी काम के लिए वहां लाया गया था। भूस्खलन इतना भीषण था कि ये दोनों बसें और मजदूरों का अस्थायी कैंप पूरी तरह से मलबे की चपेट में आ गया। हालांकि, राहत की बात यह अंदाजा लगाई जा रही है कि हादसा सुबह के समय हुआ, जिसके चलते ज्यादातर लोग सतर्क हो गए और समय रहते सुरक्षित स्थानों पर भागने में कामयाब रहे। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
00