पुणे के मावल में बारिश के कारण 3 जगह भूस्खलन, मलबे में 3 लोग दबे

Spread the love

पुणे, महाराष्ट्र में जोरदार बारिश के बीच पुणे के मावल तहसील में भूस्खलन की खबर आई है। यहां के पाटन गांव में लगातार 3 भूस्खलन हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोहगढ़ किले के पास स्थित पाटन गांव में एक घर भूस्खलन के बाद मलबे में दब गया, जिसमें परिवार के 3 लोग फंस गए। इसमें से एक की मौत हो गई है, जबकि 2 की तलाश जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है।
हादसा सोमवार तड़के हुआ है, जिसके बाद पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए), स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंच गई। एनडीआरएफ की पांचवीं बटालियन के 30 सदस्यीय दल सुबह साढ़े 5 बजे से मौके पर है और विशेष उपकरण से मलबे में दबे लोगों को तलाश रहा है। मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। अभी तक गांव से 23 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
पुणे में बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। यहां पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर, कनेक्टिंग लिंक और मिसिंग लिंक के बीच भूस्खलन होने से संपर्क मार्ग कट गया। मिसिंग लिंक को मई में ही शुरू किया गया है। इसके अलावा, पुराने पुणे-मुंबई राजमार्ग पर भी बारिश के कारण यातायात अवरूद्ध है। रेलवे ट्रैक बाधित होने से कई ट्रेनें स्थगित कर दी गई हैं, जबकि कई का रूट परिवर्तित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *