देश-विदेश

12 राज्यों में मिले डेल्टा प्लस वेरिएंट के 51 केस, केंद्र ने 8 राज्यों को दिए खास निर्देश

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली एजेंसी। देश में कोरोना के दूसरी लहर अब धीरे-धीरे कम होने लगी है वहीं अब कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट के मामले अब बढ़ने लगे हैं, अब तक डेल्टा प्लस वेरिएंट के 51 मामले सामने आए हैं और इस वेरिएंट के मामले कुल 12 राज्यों में मिले हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 22 मामले महाराष्ट्र में हैं। तमिलनाडु में डेल्टा प्लस के 9 मामले आए। जबकि मध्य प्रदेश में सात, केरल में तीन, पंजाब और गुजरात में दो-दो, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, जम्मू कश्मीर, हरियाणा, कर्नाटक में एक-एक मामला सामने आया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से उन जिलों में प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण बढ़ाने के साथ ही भीड़ को रोकने, व्यापक जांच करने जैसे रोकथाम उपाय करने का आग्रह किया, जहां कोरोना वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट का पता चला है।
कोविड-19 के एक दिन में 48,698 नए मामले
बता दें कि भारत में कोविड-19 के एक दिन में 48,698 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,01,83,143 हो गई और साप्ताहिक संक्रमण दर गिरकर 2.97 प्रतिशत रह गयी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार को सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, इस संक्रामक रोग से एक दिन में 1,183 लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 3,94,493 हो गयी। उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 5,95,565 हो गयी जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.97 प्रतिशत है।
स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी
स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या लगातार 44वें दिन कोविड-19 के रोज आने वाले मरीजों की संख्या से अधिक है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,91,93,085 हो गयी है। मृत्यु दर 1.31 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस से स्वस्थ होने वाले मरीजों की राष्ट्रीय दर 96.72 फीसदी है जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर कम होकर 2.97 प्रतिशत रह गयी है।
31.50 करोड़ लोगों को लगा वैक्सीन
दैनिक संक्रमण दर 2.79 प्रतिशत है। यह लगातार 19वें दिन पांच प्रतिशत से कम है। सुबह सात बजे तक जारी टीकाकरण आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक दिन में 61.19 लाख कोविड-19 रोधी टीके लगने से अब तक देशव्यापी अभियान के तहत दी जाने वाली टीकों की खुराक 31.50 करोड़ हो गयी है। शुक्रवार को कोविड-19 के लिए 17,35,781 नमूनों की जांच की गई। इसके साथ ही देश में अब तक जांच किए गए कुल नमूनों की संख्या बढ़कर 39,95,68,448 हो गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!