नईदिल्ली,देशभर में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल ई20 को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ युवाओं और कार प्रेमियों में जबरदस्त विरोध देखने को मिल रहा है, जिसे आम आदमी पार्टी (आप) सड़क पर उतारने की तैयारी कर रही है। सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पार्टी इस शनिवार को ई20 के विरोध में नेशनल टाउनहॉल का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से इस कार्यक्रम में जुड़ने का आह्वान किया है।
केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा, पेपर लीक के बाद अब देश के युवाओं ने एक होकर आवाज़ उठाई तो धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना पड़ा। ई20 पर भी हमें एक होकर आवाज़ उठानी पड़ेगी। इस शनिवार हम नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई20 आयोजित कर रहे हैं, जिसमें शामिल होकर आप ई20 पर अपनी बात रख सकते हैं। आप इसमें ऑनलाइन भी शामिल हो सकते हैं।
यह आयोजन 1 अगस्त को सुबह साढ़े 11 बजे कांस्टिट्यूशन क्लब दिल्ली में होगा।
केजरीवाल ने मामले की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस से भी दी।
केजरीवाल ने कहा, मेरी प्रधानमंत्री से निवेदन है कि लगे हाथ ई20 का भी मामला ठीक कर दो। लोग बहुत परेशान हैं, उनकी गाड़ियां और माइलेज खराब हो रहा है। निवेदन है कि ये मुद्दा बड़ा बने, उससे पहले आगे बढ़कर इसे ठीक कर दें।
केजरीवाल ने कहा कि जो लोग दिल्ली के बाहर हैं, वे 8588833212 पर वॉट्सऐप मैसेज करें, वे लिंक के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ सकते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम में मुद्दे में दिलचस्पी रखने वाले विशेषज्ञ और पीड़ितों को एक मंच दिया जाएगा और बोलने का मौका दिया जाएगा।
कार्यक्रम में आगे की रणनीति तय की जाएगी कि किस तरह से सरकार पर दबाव बनाए कि वो इस मुद्दे को वापस लें।
उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले भी ऑनलाइन याचिका अभियान चलाया था, जिसमें 2 लाख से अधिक लोग शामिल हुए थे। वह मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे।