कबड्डी में खिर्सू, नैनीडांडा, दुगड्डा, यमकेश्वर ने जीते मैच
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जनपदीय शरदकालीन खेलकूद प्रतियोगिता का मार्च पास के साथ आगाज हो गया है। मार्च पास में 15 ब्लॉक की टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज कोटद्वार की छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर आयोजित कबड्डी अंडर-14 बालिका वर्ग में खिर्सू ने पोखड़ा, नैनीडांडा ने दुगड्डा व अंडर-19 बालक वर्ग में दुगड्डा ने रिखणीखाल व यमकेश्वर ने नैनीडांडा को पराजित किया।

शरदकालीन खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि व जयहरीखाल के ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण ने किया। मुख्य अतिथि रणवीर सजवाण ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिक का निवास होता है, स्वस्थ शरीर हेतु खेलों का होना जरुरी है। क्रीड़ा स्थल संयोजक मुकेश रावत ने मुख्य अतिथियों व खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी प्रवीणता होनी भी आवश्यक है। अंडर- 17 खो-खो बालक वर्ग में द्वारीखाल विकासखंड ने जयहरीखाल को व यमकेश्वर ने नैनीडांडा को हराया, जबकि अंडर-17 बालिका वर्ग में दुगड्डा विकासखंड ने बीरोंखाल, पोखड़ा ने कोट, एकेश्वर ने बीरोखाल व कल्जीखाल ने कोट को हराया। अंडर-14 बालिका वर्ग बालीवाल में पौड़ी ने दुगड्डा व अंडर-17 बालिका वर्ग में दुगड्डा ने यमकेश्वर को पराजित किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज, मंडल मंत्री मनमोहन चौहान, जिला मंत्री बिजेंद्र बिष्ट, स्थल संयोजक मुकेश रावत, गिरीश खर्कवाल, परितोष रावत, कुलदीप मैंदोला, प्रणव रावत, प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी, अभिभावक संघ अध्यक्ष महेन्द्र अग्रवाल, विनोद पंत, पूरन रावत, प्रभाकर रावत, धर्मेन्द्र शाह, सूरज रमोला, राकेश भट्ट, बीरेंद्र तनवर आदि मौजूद थे।