भेल फाउण्ड्री गेट के समीप 132 केवीए सब स्टेशन में लगी आग

कड़ी मशक्कत के बाद फायरकर्मियों ने पाया आग पर काबू
हरिद्वार। शनिवार की सवेरे फाउण्ड्री गेट के समीप भेल के 132 केवीए सब स्टेशन में आग लग गयी। सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शनिवार सवेरे मायापुर फायर स्टेशन को भेल फाउण्ड्री में एक बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में एक फायर यूनिट मौके पर भेजी गयी। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने निरीक्षण किया तो पता चला कि आग 132 केवीए सब स्टेशन के कंट्रोल पैनल में लगी है। आग तेजी से स्टोर की और बढ़ रही थी। फायर यूनिट ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को बुझाना शुरू किया। आग की विकरालता को देखते हुए एक अतिरिक्त मोटर फायर इंजन मायापुर स्टेशन से व दो फायर इंजन सीआईएसएफ से मंगवाए गए। आग इतनी विकराल थी कि गाड़ियों में पानी खत्म हो गया और इंडेन गैस प्लांट बहादराबाद से पानी लाकर फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कंट्रोल पैनल जलने के अलावा कोई क्षति नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *