जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पदमपुर मोटाढाक स्थित नवयुग पब्लिक स्कूल में स्वर्गीय शैली नेगी की स्मृति में आयोजित अंतरविद्यालयी बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान नवयुग पब्लिक स्कूल और स्कॉलर एकेडमी समेत विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेंद्र सिंह रावत और वार्ड संख्या 31 के पार्षद सौरभ नौडियाल ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम नेगी, प्रबंधक हुकम सिंह नेगी और प्रशासिका अर्पिता नेगी ने अतिथियों को बैज, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और अनुशासन से ही सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन कर अपने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में मेजबान नवयुग पब्लिक स्कूल ने ज्ञान भारती को 2-0 से हराकर जीत के साथ शुरुआत की। वहीं, स्कॉलर एकेडमी ने पृथ्वी विद्या मंदिर को 2-1 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में बलूनी पब्लिक स्कूल ने आरपी को 2-1, राइजिंग सन ने बाल भारती को 2-0, महर्षि विद्या मंदिर ने हैप्पी होम को 2-1 और एमकेवीएन ने मदरलैंड को 2-1 से हराया। डैफोडिल पब्लिक स्कूल ने एसजीआरआर को 2-0 से शिकस्त दी। वहीं, नवयुग पब्लिक स्कूल ने टीसीजी को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक अरुण नैथानी, मनदीप रावत, वॉलीबाल कोच मनोज धस्माना और संतोष ध्यानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।