जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार सहित पौड़ी गढ़वाल जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। हल्दूखाता तल्ला में 675 करोड़ रुपये की लागत से 400 केवी क्षमता का विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित किया गया है। इसे उत्तराखंड का चौथा सबसे बड़ा विद्युत उपकेंद्र बताया जा रहा है। इसके निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ने के साथ ही औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में कोटद्वार क्षेत्र को सतपुली स्थित विद्युत उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। ऐसे में हल्दूखाता तल्ला में प्रस्तावित नए उपकेंद्र को क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके निर्माण से कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ भविष्य में बढ़ने वाली बिजली की मांग को पूरा करने में भी मदद मिल सकती है। प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र का सबसे अधिक लाभ सिगड्डी ग्रोथ सेंटर को मिलने की उम्मीद है। औद्योगिक क्षेत्र में निर्बाध और पर्याप्त बिजली आपूर्ति उद्योगों के संचालन के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से औद्योगिक इकाइयों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने के साथ क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इस परियोजना का प्रस्ताव क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण के माध्यम से शासन को भेजा गया है। परियोजना के संबंध में विभिन्न संबंधित विभागों की संस्तुतियां भी प्राप्त हो चुकी हैं। विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि 400 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से आमजन को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। साथ ही सिगड्डी ग्रोथ सेंटर और आसपास के क्षेत्रों के औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। परियोजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की बिजली संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।