गुलदार की सक्रियता पर नियंत्रण के लिए महापौर ने वन मंत्री से की वार्ता

डीएफओ को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ती सक्रियता और हमले की घटनाओं को लेकर क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। वार्ड संख्या तीन के सनेह मल्ली में गुलदार के हमले में घायल हुई सात वर्षीय मासूम सान्वी रावत के मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


इस दौरान महापौर ने प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ती सक्रियता पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि गुलदार की आवाजाही से स्थानीय लोग, विशेषकर बच्चे और महिलाएं भयभीत हैं। ऐसे में वन विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। महापौर की मांग पर वन मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को आवश्यक कार्रवाई करने और क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को स्थिति पर गंभीरता से नजर रखने के लिए भी कहा। महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वन विभाग के अधिकारियों से निरंतर समन्वय स्थापित कर स्थिति पर नजर रखी जाएगी। गुलदार की समस्या के समाधान और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल, पार्षद अनिल रावत और पार्षद संजय भंडारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *