पेंशनरों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति किया जागरूक

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की स्वास्थ्य जांच, पेंशनरों ने रखीं विभिन्न मांगें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : साइबर ठगों के निशाने पर बुजुर्ग और पेंशनर भी हैं। ऐसे में उन्हें आनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कोषागार विभाग की ओर से पेंशनरों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताने के साथ ही पेंशनरों के स्वास्थ्य की जांच भी की गई।


कोषागार कार्यालय में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर आर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में साइबर अपराध विशेषज्ञों ने पेंशनरों को स्मार्ट फोन पर आने वाले अनजान लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने या उसमें मांगी गई जानकारी साझा करने से साइबर ठगी का शिकार होने की आशंका रहती है। कई मामलों में ठग डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर लोगों से रकम ऐंठ रहे हैं। ऐसी किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे पेंशनरों के रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की। कार्यक्रम के दौरान पेंशनरों ने अपनी समस्याएं और मांगें भी रखीं। उन्होंने जिले से बाहर के प्रतिपूर्ति बिलों को कोषागार के माध्यम से अग्रसारित करने और बुजुर्ग व दिव्यांग पेंशनरों के कोषागार कार्यालय पहुंचने में असमर्थ होने पर डिजिटल माध्यम से प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था करने की मांग उठाई। इस पर कोषाधिकारी ने सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *