चाय बागान तक पहुंची जंगल की आग
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जंगल की आग ने चाय बागान को भी क्षति पहुंचाई है। चाय बागान के एक तिहाई हिस्से में आग से नुकसान पहुंचा है। बागान कर्मियों का कहना है कि उक्त घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
पौैड़ी जनपद में जंगल की आग अब रिहायशी इलाकों की ओर भी रुख कर रही है। जिससे स्थानीय निवासियों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा स्थानीय निवासी आंखों में जलन व धुंध से भी परेशान हैं। विकासखंड खिर्सू के सिंगोरी गांव में उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड की ओर से वर्ष 2016 में 8 हैक्टेयर भूमि पर चाय बागान लगाया गया था। उक्त बागान का एक तिहाई हिस्सा भी जंगल की आग की चपेट में आने से प्रभावित हुआ है। यहां कार्यरत सुपरवाइजर हरीश सिंह बिष्ट ने बताया कि जंगलों की आग चाय के बागान तक पहुंच गई थी। जिससे करीब सवा तीन हेक्टेयर में चाय का बागान जलकर खाक हो गया है। बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है। वहीं, जंगलों की आग से शहर में सुबह से ही धुंध छाई हुई है। जिससे आंख में जलन व श्वास के रोगियों को सांस लेने में दिक्कतें हो रही है।