कांवड़ लेकर 70 श्रद्धालुओं का दल रवाना

Spread the love

देवप्रयाग : सावन मास के अवसर पर सबधारखाल से नीलकंठ महादेव के लिए निकलने वाली कांवड़ पदयात्रा रविवार को देवप्रयाग से गंगाजल लेकर रवाना हुई। करीब 70 श्रद्धालुओं का दल भगवान राम की तपस्थली रामकुंड पहुंचा जहां श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे और भोलेनाथ के जयघोष के बीच कांवड़ में गंगाजल भरा।
यात्रा संयोजक लक्ष्मण सिंह बुटोला और अरविंद चंद ने बताया कि यह आस्था और भक्ति की पदयात्रा पिछले 35 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और यह 36वां वर्ष है। श्रद्धालुओं का दल सबधारखाल से पोखरी, धारी, कोठी और धनेश्वर होते हुए देवप्रयाग पहुंचा। यहां से गंगाजल लेकर श्रद्धालु प्राचीन बदरी-केदार पैदल यात्रा मार्ग से करीब 100 किलोमीटर की दुर्गम यात्रा तय कर नीलकंठ महादेव पहुंचेंगे। यात्रा सौड़, उमरासू, व्यास चट्टी, कांडी, महादेव चट्टी, नांद गांव, नौंठखाल, बिजनी, मोहन चट्टी और खैरखाल होते हुए नीलकंठ महादेव पहुंचेगी और भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक किया जाएगा। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *