खन्ना (पंजाब),लुधियाना-अमृतसर नेशनल हाईवे पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रियों से भरी स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. बस में महिलाओं और बच्चों समेत करीब 80 से 100 यात्री सवार थे. ड्राइवर और कंडक्टर की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के मुताबिक, यह बस लुधियाना से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले जा रही थी. जब बस खन्ना के पास विजा गांव पहुंची, तो अचानक उसमें आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगते ही बस में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई. जान बचाने के लिए कुछ यात्रियों ने बस से नीचे छलांग लगा दी, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं. कुछ लोग मामूली रूप से झुलस गए. घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस और यात्रियों का सारा कीमती सामान जलकर राख हो चुका था. हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन यात्रियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी (शॉर्ट सर्किट) बताई जा रही है.
००