आईएचएमएस और नेलेट हरिद्वार के बीच हुआ समझौता

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (नेलेट), हरिद्वार के साथ समझौता किया है। इस समझौते से विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे।

हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में दोनों संस्थानों के अधिकारियों की मौजूदगी में आईएचएमएस के प्राचार्य डा. अश्वनी शर्मा और नेलेट के निदेशक डॉ. अनुराग कुमार ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। आईएचएमएस के प्राचार्य डा. अश्वनी शर्मा ने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों को वर्तमान औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। इसके तहत दोनों संस्थान शैक्षणिक और व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देंगे। साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप आवश्यक कौशल प्रदान करने की दिशा में मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि समझौते के तहत उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों के संचालन में सहयोग किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीकों और उद्योगों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली की जानकारी भी मिलेगी। इससे उनकी व्यावहारिक समझ विकसित होने के साथ रोजगार के अवसरों के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी। समझौते के तहत फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रमों के आयोजन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों को नई तकनीकों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और उद्योग जगत में हो रहे बदलावों से अवगत कराया जाएगा। इससे शिक्षकों के ज्ञान और कौशल में वृद्धि होगी, जिसका लाभ विद्यार्थियों को भी मिलेगा। दोनों संस्थानों के बीच हुआ यह समझौता तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार परक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *