अब तक 15.19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष केदारनाथ यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। अब तक 15,19,321 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


केदारनाथ धाम पहुंच रहे तीर्थयात्रियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा रहने, भोजन, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं पुलिस एवं जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। कहा कि मानसून के कारण प्रभावित क्षेत्रों में मार्ग सुधार एवं सुरक्षा से संबंधित कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। चीरबासा क्षेत्र में भी मार्ग सुधार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने बताया कि पैदल यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रा मार्ग की स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही एवं सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन द्वारा निरंतर नजर रखी जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *