देहरादून, मुख्य सचिव आनन्द बद्र्धन ने मंगलवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा की। बैठक में अभियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जनपदवार अभियोजन मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि अभियोजन प्रक्रिया का उद्देश्य दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना है। इसके लिए पुलिस, अभियोजन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियोजन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें समय पर कराने के निर्देश
मुख्य सचिव ने स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं और लंबित मामलों की लगातार समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि जघन्य अपराधों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता और तेजी के साथ कार्रवाई की जाए। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियोजन की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बढ़ाने तथा प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने अभियोजन प्रक्रिया में सामने आने वाली व्यावहारिक, प्रक्रियात्मक और समन्वय संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल समाधान करने के भी निर्देश दिए।
15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा
‘सेवा संकल्प अभियान’
बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेशभर में आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी जिलाधिकारियों को दी। अभियान के तहत 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘भारत 2047’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर से 08 अक्टूबर तक विद्यालयों में विकसित भारत एवं ‘भारत 2047’ विषय पर निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। जिला स्तर पर प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। श्रेष्ठ चित्रों को एनिमेटेड लघु फिल्मों में शामिल कर प्रदर्शित किया जाएगा।
वहीं ‘सेवा और सपना’ के तहत प्रदेशभर के विद्यालयों में प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। 01 से 07 अक्टूबर तक ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन होगा, जिसमें युवा, स्टार्टअप्स और रिसर्चर्स तकनीक, विकास एवं सोशल इनोवेशन से जुड़े समाधान प्रस्तुत करेंगे।
‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ पर रिले मैराथन
‘जन कल्याण संवाद’ के माध्यम से प्रौद्योगिकी, खेल, कला, विज्ञान और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में प्रभावशाली लोगों को एक मंच पर लाया जाएगा। वहीं 07 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ के अवसर पर रिले मैराथन आयोजित होगी, जिसमें पेशेवर एथलीटों के साथ आम नागरिक भी भाग ले सकेंगे। इसके अलावा खेल प्रतियोगिताओं, साइकिलिंग और बाइक रैली का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।