रुद्रपुर। बहन की शादी कराने के नाम पर आठ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित किसान ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने अन्य लोगों से भी उधार लेकर धोखा दिया है। गांव रसोईयापुर निवासी सुखदेव सिंह ने मंगलवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह किसान है। वर्ष 2022 में गांव नौगवांनाथ, खटीमा निवासी अमरजीत सिंह राणा उसके पास आया और बहन की शादी का हवाला देकर 2.50 लाख रुपये उधार ले गया। उसने भरोसा दिलाया कि वह उसके यहां कृषि कार्य या मेहनत-मजदूरी कर रकम लौटा देगा। इस संबंध में एक इकरारनामा भी तैयार किया गया था। आरोप है कि रुपये लेने के बाद आरोपी न तो वापस आया और न ही कोई काम किया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने इसी तरह कई लोगों को ठगा है। उसने रसोईयापुर निवासी हरजीत सिंह से दो लाख रुपये, मलपुरी निवासी जस्सा सिंह से करीब 45 हजार रुपये और खटीमा निवासी दीपक रैना से तीन लाख रुपये ठगे। सोमवार रात सूचना मिली कि आरोपी अमरिया चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को ठगने के इरादे से पहुंचा है। इस पर पीड़ित मौके पर पहुंचा और आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।