किच्छा में दीपक हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर। पुलिस ने पुरानी गल्ला मंडी में हुए दीपक हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। बीते 17 अप्रैल की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे दीपक कुमार पुत्र राकेश कुमार निवासी पुरानी गल्ला मंडी को उसके घर से कुछ दूरी पर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतक के भाई विनीत की तहरीर पर पुलिस ने शिवा पुत्र महेश निवासी नंदपुर नरका टोपा बाजपुर हाल निवासी पुरानी गल्ला मंडी, किच्छा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने सोमवार रात आरोपी शिवा को खुरपिया में निर्माणाधीन एम्स के पास से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दीपक उसके मामा की लड़की से फोन पर बात करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना। घटना वाले दिन वनखंडी नाथ मंदिर के पास दोनों के बीच विवाद हुआ, जहां दीपक ने लड़की को भगाकर ले जाने की बात कही। इस पर उसने गुस्से में आकर दीपक की छाती और पेट पर चाकू से वार कर दिए। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाल प्रकाश सिंह दानू, एसआई जयप्रकाश, दीपक जोशी, बसंत प्रसाद, जगदीश महेरा, कांस्टेबल नवीन भट्ट और कमल रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *