ऋषिकेश। दिल्ली से पौड़ी जा रही एक टैक्सी मंगलवार सुबह कौड़ियाला के पास बदरीनाथ नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्राले से टकरा गई। भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 सेवा से ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल भेजा गया। मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। चालक गोविंद सिंह, निवासी ग्राम कोट ब्लॉक धार पौड़ी दिल्ली से सात सवारियों को लेकर निकला था। टैक्सी जैसे ही बदरीनाथ हाईवे पर कौड़ियाल के पास पहुंची, तो वह अचानक सड़क किनारे खड़े सरियों से लद्दे ट्राले से टकरा गई। हादसा होते ही टैक्सी में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ राहत-बचाव के लिए मौके पहुंची। घायल चालक गोविंद सिंह, चंदन सिंह बिष्ट, शकुंतला बिष्ट, शारदा बलोनी, मीना देवी, विनीता देवी और सार्थक रावत सभी निवासी पौड़ी को कार से निकालकर ऋषिकेश सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। धूपा देवी पत्नी स्व. दलबीर सिंह, निवासी ग्राम निसाणी पौड़ी के फंसे शव को टैक्सी को उपकरणों से काटकर बामुश्किल बाहर निकाला गया। व्यासी चौकी प्रभारी कमल कुमार ने बताया कि चालक ने पूछताछ में नींद की झपकी आने की बात कही है। घटनास्थल के आसपास आवागमन के लिए हाईवे पर खुली जगह थी। बावजूद, दुर्घटना क्यों और कैसे हो गई, इसकी जांच की जा रही है।