कोटद्वार-पौड़ी

बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करें कार्यकर्ता: राजकुमार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-कोटद्वार संगठन प्रभारी पूर्व विधायक राजकुमार ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक
-बोले, जनता बना चुकी है सत्ता परिवर्तन का मन
जयन्त प्रतिनिधि, कोटद्वार। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नामित कोटद्वार संगठन प्रभारी व पूर्व विधायक राजकुमार ने बूथ अध्यक्षों, संयोजकों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इससे पहले पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया।
शनिवार को गढ़वाल टाकीज स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बूथ मैनेजमेंट को मजबूत करने के साथ-साथ प्रत्येक बूथ में कमेटियां गठित करनी होगी। कहा कि बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों को अपने दायित्वों को समझना होगा। वोटर लिस्ट में नए वोटरों को जोड़ना जरूरी है, ताकि 18 साल की उम्र पूरी करने वाले हर युवक, युवती को भी वोट का अधिकार मिल सके। कहा कि इन पांच सालों में प्रदेश सरकार ने एक भी विकास कार्य नही किया। महंगाई, बेराजगारी व भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जाकर प्रदेश सरकार की नाकामियों व जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाने की जरूरत है। बैठक में पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा के पास विकास के लिए कोई रोड मैप नही है। उन्होंने विगत दिनों मुख्यमंत्री के कोटद्वार आगमन को भी निराशाजनक बताया। कहा कि मुख्यमंत्री ने कोटद्वार के समग्र विकास के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की, जिससे स्पष्ट हो गया है कि कोटद्वार विधानसभा में विकास की एक ईंट भी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार एक षड्यंत्र के तहत गैरसैंण में सत्र आयोजित करने जा रही है और उक्त सत्र में उत्तराखंड की जनता को भ्रमित करने के लिए झूठी घोषणाएं की जाएंगी। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता बलवीर सिंह रावत ने किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डा़ चन्द्रमोहन खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष संजय मित्तल, विधानसभा सह प्रभारी शांति रावत, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सरोजनी कैन्त्यूरा, पूर्व प्रमुख रश्मि पटवाल, मनवर सिंह आर्य, विधानसभा संयोजक साबर सिंह नेगी, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित राज सिंह, विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, बूथों के अध्यक्ष, संयोजक तथा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!