देहरादून में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन सक्रिय

Spread the love

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले ह्यहर घर तिरंगाह्ण अभियान को सफल बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने कहा कि ह्यहर घर तिरंगाह्ण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने वाला जनआंदोलन है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक समुदाय को स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव से जोड़ना है तथा नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की भावना से परिचित कराना है।
ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर होंगी तिरंगा यात्राएं
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राएं और साइकिल रैलियां आयोजित की जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) और खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिए कि इन आयोजनों में युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
शहर से गांव तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
प्रशासन ने नगर निगम को शहरी क्षेत्रों तथा ग्राम विकास विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को व्यापक रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, मॉल, प्रमुख चौराहों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, उसके महत्व और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
पोर्टल पर अपलोड होगी हर गतिविधि
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम, गतिविधि और आयोजन का विवरण तथा फोटोग्राफ निर्धारित समय सीमा के भीतर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं, ताकि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग और प्रगति का मूल्यांकन किया जा सके।
विभागवार जिम्मेदारियों
पर हुई चर्चा
बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी यशपाल चौहान, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र बीना बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *