श्रीनगर गढ़वाल : खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत श्रीनगर में 3 अगस्त से चयन ट्रायल शुरू होंगे। सीडीएस बिपिन रावत स्टेडियम में 3 से 12 अगस्त तक होने वाले ट्रायल के माध्यम से विकासखंड खिर्सू और नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से प्रतिमाह 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। खिर्सू क्षेत्र के खिलाड़ियों के ट्रायल 3 से 7 अगस्त और नगर निगम श्रीनगर क्षेत्र के खिलाड़ियों के ट्रायल 8 से 12 अगस्त तक आयु वर्ग के अनुसार होंगे। ट्रायल वाले दिन सुबह 8 से 10 बजे तक ही पंजीकरण होगा, इसके बाद किसी भी प्रतिभागी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रतिभागियों के लिए पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। (एजेंसी)