नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान की तरफ से की गई हर हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। ऑपरेशन की शुरुआत के बाद करीब 88 घंटे के टकराव के बाद दोनों देश सीजफायर करने पर सहमत हो गए हैं। आज भारतीय सैन्य अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान ने कैसे झूठ फैलाया। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में ये भी साफ कर दिया कि अगर पड़ोसी देश कोई दुस्साहस करता है तो सेना माकूल जवाब देने के लिए तैयार है।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर कैसे हुआ, आज भारतीय सेना के शीर्ष सैन्य अधिकारियों में शुमार कॉमोडोर रघु नायर, कर्नल शोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने पाकिस्तानी मीडिया, सरकार और सेना की तरफ से लगातार फैलाए जा रहे झूठ की पोल भी खोली। कमोडोर रघु नायर ने कहा, जैसा कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया, समुद्र, हवा और जमीन पर सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने के लिए पाकिस्तान और भारत दोनों सहमति हो गए हैं। भारतीय सेना, वायु सेना और नौसेना को इस सहमति का पालन करने का निर्देश दिया गया है।
भारत उकसावे की कार्रवाई के बाद निर्णायक जवाब देगा
ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीजफायर पर बनी सहमति को लेकर रघु नायर ने स्पष्ट किया, भारत की थल सेना, वायुसेना और नौसेना पूरी तरह मुस्तैद है। आज बनी सहमति के तहत सेना धैर्य का परिचय देगी। हालांकि, मातृभूमि की रक्षा और भारत की संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने के लिए सेना प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से किसी भी दुस्साहस का पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने देश की सख्त नीति और निर्णय का संकेत भी दिया। कोमोडोर रघु ने कहा, ‘भविष्य में उकसावे की किसी भी कार्रवाई का निर्णायक जवाब दिया जाएगा। सेना भारत की हिफाजत के लिए किसी भी ऑपरेशन को लॉन्च करने के लिए हर समय तैयार है।’
पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कर्नल सोफिया पिछले तीन दिनों से भारतीय सेना की कार्रवाई की जानकारी दे रही थीं। आज चौथे दिन भी कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि भारतीय सेना पूरी तरह से सतर्क है। कर्नल कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने कई झूठ बोले हैं। पाकिस्तान झूठी खबरें फैला रहा है। उनके वरिष्ठ सेना अधिकारी ने झूठा आरोप लगाया कि भारतीय सेना ने मस्जिदों को नुकसान पहुंचाया। लेकिन भारतीय सेना ने ऐसा कुछ नहीं किया। सशस्त्र बलों ने सैन्य ठिकानों को नुकसान नहीं पहुंचाया।