होली के बाद मैदानी क्षेत्रों को बढ़े यात्री, चलाई अतिरिक्ति बसें
होली संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में मैदान को लौट रहे प्रवासी
दिल्ली, देहरादून, गुरुग्राम सहित अन्य रूटों पर बढ़ा वाहनों का दबाव
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कुछ दिन पूर्व होली मनाने अपने गांव पहुंचे प्रवासियों का वापस मैदान को लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। नतीजा कोटद्वार बस अड्डे पर वाहनों में पहले सीट पाने के लिए यात्रियों में मारामारी देखने को मिल रही है। दिल्ली, देहरादून सहित अन्य रूटों पर परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं। वहीं, पहाड़ से आने वाले वाहन भी यात्रियों से खचाखच भरे हुए हैं।दिल्ली, गुरुग्राम, देहरादून सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रवासी गांव होली मनाने आए हुए थे। ऐसे में अब इन प्रवासियों के वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह से ही कोटद्वार बस अड्डे में यात्रियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। पहाड़ से कोटद्वार आने वाले सभी वाहन यात्रियों से खचाखच भरे हुए थे। इसके बाद कोटद्वार से मैदान जाने की ओर जाने के लिए यात्रियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बस अड्डे में पहुंचते ही बसें यात्रियों से फुल हो जा रही थी। यही हाल हरिद्वार व देहरादून रूट पर संचालित होने वाले मैक्स वाहनों का भी बना हुआ था। सबसे अधिक परेशान परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी। कई परिवारों को मजबूरन निजी वाहन बुक कर आवाजाही करनी पड़ी। अचानक बढ़ी यात्रियों की संख्या को देखते हुए परिवहन निगम को रूट पर बसों की संख्या बढ़ानी पड़ी। दिल्ली व देहरादून रूट पर हर घंटे में बसों का संचालन किया जा रहा था।