कोटद्वार-पौड़ी

आकर्षण का केंद्र बना वीणा मल्ली की रामलीला मंचन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

– महिला पात्रों ने रामलीला मंचन में निभाया सभी किरदारों का अभिनय
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। विकासखंड पोखड़ा के वीणा मल्ली ग्राम पंचायत में आयोजित रामलीला आकर्षण का केंद्र बनी रही। रामलीला मंचन में सभी किरदारों का अभिनय महिला पात्रों ने निभाया। क्षेत्र में पहली बार रामलीला में महिलाओं के भावपूर्ण अभिनय को खूब सराहा गया। रामलीला समिति हर वर्ष महिला रामलीला मंचन किए जाने की बात कही है।
वीणा मल्ली में आयोजित हो रही रामलीला का सोमवार को समापन हुआ। इस रामलीला में खास बात यह थी कि राम के पात्र से लेकर रावण के पात्र का अभिनय गांव की ही बहू बेटियों ने मंचित किया। सात दिवसीय रामलीला का शुभारंभ बीते 9 फरवरी को श्रवण कुमार लीला व कैलाश लीला के मचंन से किया गया था। क्षेत्र में महिला पात्रों के अभिनय को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। महिला पात्रों के जोरदार अभिनय का ही परिणाम रहा की रामलीला मंचन के प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासी दर्शक के तौर पर पहुंचे। सोमवार को राजतिलक का मंचन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय निवासियों ने राम, लक्ष्मण व सीता का पुष्प वर्षा का स्वागत किया। राम की आरती का भी भावपूर्ण गायन किया गया। राजतिलक के दौरान क्षेत्र का माहौल रामभक्तिमय रहा। इस मौके पर पूर्व प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि ग्रामीण अंचल में पहली बार महिला पात्रों से सजी रामलीला का मंचन किया गया। जिसे स्थानीय निवासियों ने खूब सराहा है। लक्ष्मण की पात्र आंचल ने कहा कि वह रामलीला का मंचन वर्षों से देखती आ रही है। हमेशा से उसकी भी रामलीला में अभिनय की इच्छा रही है। पहली बार रामलीला में अभिनय का अवसर मिला। जिससे उसके भीतर मंच पर अभिनय के प्रति आत्मविश्वास बढ़ा है। आंचल एमए योगा की छात्रा है। राम की पात्र रश्मि बिष्ट ने कहा कि रामलीला में अभिनय से उन्हें पुरषोत्तम राम के चरित्र को नजदीक से जानने का मौका मिला है। राम के आदर्शों को वह अपने जीवन मे ढालने का प्रयास करेंगी। रावण की पात्र कांति देवी ने कहा कि हमने हमेशा रावण को एक बुराई के तौर पर देखा है, लेकिन रावण के पात्र का अभिनय करने के बाद उसे पता चला कि रावण के भीतर भी कई अच्छाईयां थी। रामलीला के मंचन में सीता के पात्र का अभिनय संध्या, भरत सिया, शत्रुघन खुशबू, दशरथ पिंकी देवी, जनक मंजू देवी, मेघनाथ सुनीता देवी, कौशल्या रेखा,सुमित्रा मंजू देवी, कैकई संतोषी देवी ने निभाया। निर्देशन अरुणोदय बिष्ट एवं भारत भूषण बिष्ट, संचालन संजय गुसाईं, साज सज्जा कुलदीप बिष्ट आदि ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!