आकाशीय बिजली गिरने से 215 गांवों की बिजली गुल
बागेश्वर। ऊर्जा निगम की डबल पोल में आकाशीय बिजली गिरने से 24 इंसुलेटर जल गए। इससे कपकोट तहसील के 215 गांवों की बिजली गुल हो गई। सूचना के बाद ऊर्जा निगम ने रात में फॉल्ट तो ढूंढ लिया। रात अधिक होने से मरम्मत का काम रोक दिया। बुधवार की सुबह नौ बजे से मरम्मत कार्य शुरू हुआ और दोपहर सप्लाई सुचारु कराई गई। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे बागेश्वर से कपकोट जा रही 33 केवी की मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया। इसके बाद कपकोट की बिजली गुल हो गई। रात साढ़े नौ बजे विभाग ने फॉल्ट ढूंढ लिया। हरसिला की ऊंची पहाड़ी पर स्थित डबल पोल पर लगे सभी 24 इंसुलेटर जले मिले। विभाग ने बताया कि क्षेत्र में चार से पांच बजे के बीच जमकर बारिश हुई। इसी दौरान आकाशीय बिजली भी गिरी। इससे इंसुलेटर जल गए। रात अधिक होने से मरम्मत कार्य विभाग ने रोक दिया। बुधवार की सुबह नौ बजे से काम शुरू हुआ और करीब साढ़े बाहर बजे सभी इंसुलेटर बदल दिए। इसके बाद कपकोट की बिजली सुचारु हो गई। इधर ऊर्जा निगम के ईई भाष्कर पांडेय ने बताया कि आकाशीय बिजली से डबल पोल टावर के इंसुलेटर जल गए थे। सभी को बदल दिया गया है। अब आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।